मुंबई/बीकानेर। बीकानेर की धरा को अनमोल रत्नों का खजाना कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। औद्योगिक, साहित्यक, सांस्कृतिक के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी बीकानेर की शख्सियतों ने अपना हुनर दिखाया है। इसी क्रम में आज हम आपको एक्टिंग और प्रोडेक्शन के क्षेत्र में ऐसी शख्सियत से रुबरु करवा रहे हैं जिन्होंने अपनी मेहनत व अनुभव से बीकानेर का गौरव बढ़ाया है।
हिम्मतासर गांव निवासी देव कुमार ने मायानगरी मुम्बई में 2014 में कदम रखा और अभिनय का प्रशिक्षण लेते हुए थियेटर पर फोकस किया। हालांकि देव कुमार अभिनय की प्रतिभा का प्रदर्शन अपने स्कूली जीवनकाल यानि 2007 में ही शुरू कर दिया था। मेहनत और संघर्ष से सफलता मिलना निश्चित होता है इसी सोच के साथ 2018 में देवकुमार ने विक्रम भट्ट की वेबसीरीज जख्मी में डॉ. अवनीश की भूमिका से स्क्रीन पर अपनी शुरुआत की। इसके बाद तारक मेहता का उल्टा चश्मा, हमारी बहू सिल्क, शक्ति, अनुपमा, गुम है किसी के प्यार में, पॉकेट में आसमां, मेरी हानिकारक बीवी जैसे लोकप्रिय सीरियल्स में अपने अभिनय की क्षमता दिखाई। हाल ही में देव ने हॉटस्टार पर आई राजश्री प्रोडेक्शन्स की वेब सीरिज संगमरमर में तिवारी का किरदार निभाया।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद एक्टिंग लाइन में कदम रखने वाले देव कुमार के पिता स्थानीय व्यवसायी हैं।देव का कहना है कि सिर्फ अभिनेता बनना ही काफी नहीं है इंडस्ट्री में आगे बढऩे के लिए कलाकार को अपनी रचनात्मक सोच को खुद आगे ले जाने की जरूरत है।
मुम्बई और बीकानेर के बीच सेतू बनेगा रामापीर प्रोडेक्शंस
अभिनेता, लेखक और निर्माता के रूप में देव कुमार ने 21 सितंबर 2026 को अपने नए प्रोडक्शन हाउस रामापीर प्रोडेक्शंस का शुभारंभ किया है। इस प्रोडक्शन हाउस के जरिए वह ऐसी कहानियों को पर्दे तक लाना चाहते हैं, जिनमें मनोरंजन के साथ वास्तविकता, भारतीय संस्कृति और राजस्थान की मिट्टी की महक को परदे पर बिखेर सके। देव कुमार ने बताया कि रामापीर प्रोडेक्शंस का मुख्य फोकस फिल्मों पर रहेगा। वेब सीरीज, टेलीविजन, विज्ञापन और इवेंट्स के क्षेत्र में भी काम करने की योजना है।
राजस्थान और मुंबई दोनों जगहों पर प्रोडक्शन हाउस की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। बीकानेर और मुंबई के बीच सिल्वर स्क्रीन की कड़ी के रूप में रामापीर प्रोडेक्शंस को स्थापित किया जाएगा।
देव का कहना है कि राजस्थान सिर्फ अपने रेगिस्तान और विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि यहां की लोककथाओं, परंपराओं, संस्कृति और मानवीय रिश्तों के लिए भी जाना जाता है।




